आज 26 जनवरी है और आज पूरे देश में गणतंत्र दिवस की धूम है। गौरतलब है कि हर साल बॉक्स ऑफिस पर आज के दिन कई फिल्में रिलीज की जाती थी। हालांकि कोरोना महामारी के कारण कई राज्यों में थिएटर्स बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में गणतंत्र दिवस के मौके पर कई ऐसी फिल्में हैं जो राष्ट्रभक्ति भावना से सराबोर हैं। आइए एक नजर डालते हैं इन फिल्मों पर:
बॉर्डर

‘संदेशे आते हैं संदेशे जाते हैं कि घर कब आओगे…’ आज भी लगभग हर कोई गणतंत्र दिवस के मौके पर सबसे पहले इसी गाने को सुनना पसंद करता है। सनी देवोल के इस फिल्म को आज भी कई लोग पसंद करते हैं। 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित इस फिल्म को आपको भी ज़रूर देखना चाहिए।
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक

उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म का हिस्सा विक्की कौशल थे। भारतीय सेना ने जब आंतकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाकर सर्जिकल स्ट्राइक करके पूरी दुनिया को चौंका दिया था, उसी देश प्रेम और सेना के साहस को इस फिल्म की कहानी में दिखाया गया है। आपको बता दें कि इस फिल्म में अपने शानदार अभिनय के लिए विक्की कौशल को नेशनल अवार्ड भी मिला था।
लगान

अगर लगान फिल्म को देशभक्ति फिल्मों में सबसे उम्दा फिल्म माना जाए तो कोई गलत बात नहीं है। इस फिल्म में एक ऐसे गांव की कहानी है, जो लगान के लिए ब्रिटिश हुकूमत से लोहा लेने के लिए तैयार हो जाता है और क्रिकेट के मैदान में ब्रिटिश हुकूमत के ऊपर जीत भी दर्ज कर लेता है। साल 2001 में बनी इस फिल्म में आमिर खान के साथ-साथ तमाम एक्टर्स ने कमाल का किरदार निभाया था। ऐसे में इस 26 जनवरी देशभक्ति की दास्तां बयां करती इस फिल्म को आप भी देख सकते हैं।
शेरशाह

हालिया रिलीज हुई फिल्म ‘शेरशाह’ जिसमें अपने दमदार अभिनय से सिद्धार्थ मल्होत्रा ने खूब वाहवाही बटोरी थी। आपको बता दें असल में यह फिल्म परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन के ऊपर बनी फिल्म हैं। कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन विक्रम बत्रा ने अपने अदम्य साहस का परिचय दिया था।
भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया

भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान के बीच साल 1971 में हुए वॉर पर बेस्ड है। कहा जाता है कि लगभग 300 महिलाओं की मदद से भारतीय सेना से रातों-रात सड़क का निर्माण करके पाकिस्तान के इरादे को खत्म कर दिया था। अजय देवगन की फिल्म भुज एक सच्ची घटना पर आधारित है। ऐसे में गणतंत्र दिवस के मौके पर लगभग हर महिला को इस फिल्म को ज़रूर देखना चाहिए।
राजी

गणतंत्र दिवस के मौके पर लगभग हर महिला को ‘राजी’ फिल्म ज़रूर देखना चाहिए। ये फिल्म एक ऐसी महिला पर आधारित है जो भारत की आन-बान और शान बचाने के लिए अपने पड़ोसी मुल्क यानि पाकिस्तान में शादी कर लेती हैं और वो वहां से देश की सेवा करती हैं। इस फिल्म में आलिया भट्ट एक मुस्लिम लड़की का किरदार निभाती हैं जो शादी करने के बाद पाकिस्तान में रहकर भारत के लिए जासूसी करती हैं। इस फिल्म की कहानी को आज भी कई महिलाएं पसंद करती है।
केसरी

‘तेरी मिट्टी में मिल जवां, गुल बनके मैं खिल जवां, इतनी सी है दिल की आरजू’, केसरी फिल्म के इस गाने को शायद ही कोई भूल सके। 12 सितंबर 1897 को भारत के सारागढ़ी में हुए युद्ध पर आधारित यह फिल्म देशभक्ति की दास्तां बयां करती है। सारागाढ़ी की लड़ाई में 21 सिखों की एक सेना के साथ लगभग 10 हज़ार अफगानों के साथ लड़ाई लड़ी थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार ने बखूबी तरीके से किरदार को निभाया था।
गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल

अगर आप भी एक भारतीय युद्ध पायलट बनने की चाहत रखती हैं तो आपको भी इस गणतंत्र दिवस ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ ज़रूर देखना चाहिए। 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान युद्ध में लड़ने वाली पहली महिला थीं गुंजन सक्सेना। उनके इस साहस और धैर्य के लिए शौर्य वीर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस फिल्म में जाह्नवी कपूर ने बखूबी तरीके से काम किया था।

