एक्टर अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा लोगों के बीच काफी हिट हो रही है। इस फिल्म के गाने से लेकर डायलॉग्स फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं। आम जनता से लेकर प्रसिद्ध लोगों की जुबान पर फिल्म के डायलॉग चढ़े हुए हैं। ऐसे में अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पुष्पा का फेमस डायलॉग बोलकर सुर्खियों बटोरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल राजनाथ सिंह मंगलवार के दिन उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में मौजूद एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पुष्पा फिल्म के एक डायलॉग के साथ जोड़ते हुए अपनी बात में कहा- आज कल फिल्म पुष्पा का नाम काफी चर्चा में बना हुआ है। हमारे मुख्यमंत्री का नाम भी पुष्कर है, लेकिन यह सुनकर कांग्रेस के लोग ये समझते हैं कि ये पुष्कर तो फ्लॉवर है, लेकिन मैं उन्हें ये बताना चाहता हूं कि अपना पुष्कर फ्लॉवर भी है और फायर भी। हमारा पुष्कर ना कभी झुकेगा और ना कभी रुकेगा।
पंजाब और उत्तराखंड में दिखा पुष्पा का क्रेज
इसके अलावा राजनाथ सिंह ने आगे अपनी बात में कहा- उत्तराखंड में कांग्रेस की स्थिति ऐसी बनी हुई है कि वो सीएम घोषित करने की हालत में भी नहीं है। इसलिए उन्होंने किसी नेता की फिलहाल घोषणा नहीं की है। उनके घर में ही अपने आग लगी हुई है। इसके अलावा पंजाब चुनाव में भी पुष्पा का क्रेज देखने को मिल रहा है। जब से ईडी ने पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के यहां रेड डाली है। तभी से जबरदस्त तरीके से राजनीतिक हलचल मची हुई है। ऐसे में कांग्रेस पुष्पा फिल्म का सहारा लेते हुए दिखाई दी है। हाल ही में यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट किया। उस ट्वीट में सीएम चन्नी की बड़ी तस्वीर लगी हुई है और उसके साथ लिखा हुआ है- ईडी की रेड मारो या झूठे आरोप लगाओ, चन्नी झुकेगा नहीं।