कपूर खानदान के नाम दर्ज है यह खास रिकॉर्ड, इसके लिए आलिया भट्ट को भी है अपने ससुराल पर नाज़

Shilpi Soni
4 Min Read

बॉलीवुड के चॉकलेटी बॉय रणबीर कपूर से शादी करने के बाद आलिया भट्ट कपूर खानदान की बहू बन गई हैं। कपूर खानदान की बहू बनकर आलिया भट्ट को गर्व भी महसूस हो रहा होगा, क्योंकि इस खानदान का ग्लैमर इंडस्ट्री में अलग ही रुतबा है। कपूर खानदान का आज से नहीं, बल्कि साल 1929 से हिंदी सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इस खानदान ने अकेले ही हिंदी सिनेमा को कई कलाकार दिए हैं और इस बात से हर कोई अच्छी तरह से वाकिफ भी है, लेकिन कपूर खानदान के नाम पर दर्ज एक खास उपलब्धि के बारे में शायद ही कोई जानता होगा। आइए जानते हैं कि कपूर खानदान का वो खास रिकॉर्ड, जिसके लिए आलिया भट्ट भी नाज़ होगा।

हाल ही में रणबीर कपूर से शादी करके आलिया भट्ट इसी खानदान की बहू बनी हैं और अब उनकी पहचान इसी खानदान से जुड़ गई है। वहीं कपूर खानदान के खास रिकॉर्ड की बात की जाए तो रिपोर्ट्स के अनुसार, कहा जाता है कि साल 1999 तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को कपूर खानदान से 24 कलाकार मिले हैं। इतने सारे कलाकार हिंदी सिनेमा को देने के लिए कपूर खानदान का नाम गिनीज बुक में दर्ज है।

साल 1929 से हिंदी सिनेमा में एक्टिव कपूर परिवार में एक से बढ़कर एक कलाकार हुए हैं और उन्होंने अपना एक अलग मुकाम हासिल किया है। पृथ्वीराज कपूर और राज कपूर के बाद ऋषि कपूर, रणधीर कपूर और राजीव कपूर का इंडस्ट्री में दमखम देखने को मिला। इसके बाद करीना-करिश्मा और रणबीर कपूर से लेकर इस खानदान के कई सदस्य एक्टिंग की दुनिया में एक्टिव हैं और उनका इंडस्ट्री में दबदबा बना हुआ है। इंडस्ट्री में कपूर फैमिली के दबदबे को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि आलिया भट्ट का ससुराल में एक अलग ही रूतबा होने वाला है।

दरअसल, महेश भट्ट की लाड़ली आलिया भट्ट का नाम बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार है। बहुत ही कम समय में आलिया ने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और उनकी ज्यादातर फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल ही दिखाया है। ऐसे में कपूर खानदान की बहू बनने के बाद आलिया के रुतबे में बढ़ोत्तरी ही हो रही है। वैसे तो कपल ने बिल्कुल सिंपल तरीके से शादी की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हुई। इस शादी में कपूर परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए थे।

गौरतलब है कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने 14 अप्रैल को शादी करके अपनी नई ज़िंदगी की शुरुआत कर ली है। आलिया और रणबीर की शादी से जुड़ी सभी रस्मों के दौरान कपूर परिवार और भट्ट परिवार के अलावा कुछ करीबी दोस्त शामिल हुए थे। कपल की शादी को लेकर आखिरी वक्त तक हर चीज को सीक्रेट रखने की कोशिश की गई और मीडिया को भी इससे दूर ही रखा गया। शादी के बाद कपल ने एक शानदार पार्टी रखी, जिसमें बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटीज़ शामिल हुए। बहरहाल, शादी के बाद आलिया और रणबीर दोनों ही अपने-अपने काम पर लौट आए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *