दीपिका से शाहिद कपूर तक, म्यूजिक वीडियो से हुई इन कलाकारों के करियर की शुरुआत

Ranjana Pandey
4 Min Read

आज के दौर में फिल्मों के अलावा कई प्रोजेक्ट्स पर मनोरंजन जगत के सितारे काम करते हैं। चाहे वेब सीरीज हो या म्यूजिक वीडियो, सेलेब्स सभी फॉर्मेट में अपना हाथ आजमाना चाहते हैं।बॉलीवुड के कई कलाकार म्यूजिक वीडियो में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। कई कलाकारों को म्यूजिक वीडियो के जरिए सफलता भी मिल चुकी है।आज आपको उन बॉलीवुड सितारों से मिलवाएंगे, जिन्होंने फिल्मों से पहले म्यूजिक वीडियो में अपना डेब्यू किया।

दीपिका पादुकोण

इस सूची में पहला नाम दिग्गज अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का है। आज भले दीपिका बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्री मानी जाती हैं, लेकिन उन्होंने काफी मेहनत से यह मुकाम बनाया है।बहुत कम लोगों को पता होगा कि बॉलीवुड में अपनी डेब्यू से पहले ही दीपिका म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं।उन्होंने मशहूर गायक और कंपोजर हिमेश रेशमिया के म्यूजिक वीडियो ‘नाम है तेरा तेरा’ में अपनी झलक दिखाई थी। यह गाना टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

शाहिद कपूर

दीपिका की तरह शाहिद कपूर भी फिल्मों में आने से पहले म्यूजिक वीडियो में अपना डेब्यू कर चुके हैं। वह 1999 में म्यूजिक वीडियो ‘आंखों में तेरा ही चेहरा’ में नजर आए थे।इसमें अपने अभिनय से उन्होंने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया था। इस म्यूजिक वीडियो में अपने क्यूट अंदाज के कारण शाहिद ने दर्शकों की महफिल लूटी थी।शाहिद के अधिकांश फैंस उनके इस म्यूजिक वीडियो से अनजान होंगे। उनके फैंस को यह म्यूजिक वीडियो जरूर देखना चाहिए।

जॉन अब्राहम

जॉन अब्राहम भी उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने म्यूजिक वीडियो के जरिए बॉलीवुड की राह पकड़ी है।उन्होंने गायक पंकज उदास के म्यूजिक वीडियो ‘चुपके चुपके’ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। यह पंकज का सुपरहिट एल्बम ‘महक’ का गाना है, जो आज भी दर्शकों की जुबां पर चढ़ा हुआ है।इस गाने में जॉन ने अपनी केमिस्ट्री से जान डाल दी है। इसमें एक रोमांटिक हीरो के रूप में जॉन को लोगों ने पसंद किया था।

बिपाशा बसु

बिपाशा बसु के बोल्ड अंदाज ने ना जाने कितनों को अपना दीवाना बनाया होगा। बिपाशा ने फिल्मों में अपनी अमिट छाप छोड़ी है।शायद ही फैंस जानते होंगे कि बिपाशा म्यूजिक वीडियो में अपने हुस्न का तड़का लगा चुकी हैं। उन्होंने फिल्मों में कदम रखने से पहले सोनू निगम के म्यूजिक वीडियो ‘तू’ में अभिनय किया है।इस गाने में सोनू के साथ बिपाशा की जुगलबंदी देखने लायक है। गायक सोनू ने इस गाने को अपनी आवाज दी थी।

मिलिंद सोमन

मिलिंद सोमन एक ऐसे अभिनेता हैं, जो अपने फैशन और स्टाइल को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होती रहती हैं।वह सोशल मीडिया के जरिए फैंस से रूबरू होते रहते हैं।उन्होंने सिंगर अलीशा चिनॉय के म्यूजिक वीडियो ‘मेड इन इंडिया’ से अपना डेब्यू किया है। इसमें मिलिंद अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आए थे। उनका शर्टलेस लुक काफी चर्चा में रहा था।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *