Oscars 2026: मध्य पूर्व में तनावपूर्ण स्थिति के बीच, 98वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2026) का भव्य आयोजन लॉस एंजिल्स के प्रतिष्ठित डॉल्बी थिएटर में हुआ। हॉलीवुड के बड़े सितारे इस समारोह में शामिल हुए। इस साल निर्देशक रयान कूगलर की फिल्म ‘सिनर्स’ ने कुल 16 श्रेणियों में नॉमिनेशन प्राप्त करके इतिहास रच दिया है। इस कार्यक्रम का अमेरिका में एबीसी पर सीधा प्रसारण किया गया, जबकि भारतीय दर्शकों के लिए इसकी स्ट्रीमिंग आज 16 मार्च से ‘जियो हॉटस्टार’ पर शुरू होगी।
Oscars 2026 में फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ का दबदबा
Oscars 2026 समारोह में पॉल थॉमस एंडरसन की फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर'(One Battle After Another) का दबदबा रहा। फिल्म को कुल 13 श्रेणियों में से 6 प्रमुख पुरस्कार मिले, जिनमें ‘सर्वश्रेष्ठ फिल्म’ का पुरस्कार भी शामिल है। इसके साथ ही, पॉल थॉमस एंडरसन ने ‘सर्वश्रेष्ठ निर्देशक’ और ‘सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा’ का पुरस्कार भी जीता। मशहूर हास्य अभिनेता कॉनन ओ’ब्रायन ने लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित समारोह की होस्टिंग की।
माइकल बी. जॉर्डन को बेस्ट एक्टर का अवार्ड
अन्य प्रमुख विजेताओं में, माइकल बी. जॉर्डन को फिल्म ‘सिनर्स’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिला और जेसी बकले को फिल्म ‘हैमनेट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। शॉन पेन को ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता चुना गया, जबकि एमी मैडिगन को ‘वेपन्स’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड मिला। ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’ ने अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में और ‘के-पॉप डेमन हंटर्स’ ने एनिमेटेड फीचर फिल्म श्रेणी में पुरस्कार जीता।
प्रियंका चोपड़ा जोन्स ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
Oscars 2026 समारोह को लेकर भारत में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा जोन्स ने समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा, भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता गीता गांधबीर की फिल्मों को ‘सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र’ और ‘लघु फिल्म’ श्रेणियों में नामांकन मिला। हालांकि, निर्देशक नीरज घेवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म की अंतिम पांच फिल्मों की सूची में जगह बनाने में असफल रही।

