MX प्लेयर की ‘आश्रम’ वेब सीरीज काफी हिट रही। इस सीरीज के पहले दो पार्ट ने जमकर कमाई की, जिस वजह से अगले महीने इसका तीसरा पार्ट आ रहा है, जिसमें बाबा निराला यानी बॉबी देओल फिर भक्तों की आंख में धूल झोंकते नजर आएंगे। इस सीरीज में बॉबी के अलावा भी एक एक्टर ने जबरदस्त भूमिका निभाई, वो थे भोपा स्वामी। आइए जानते हैं उनके बारे में-

इस फिल्म से की शुरुआत
सीरीज में भोपा स्वामी का किरदार निभाने वाले एक्टर का नाम चंदन रॉय सान्याल हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘रंग दे बसंती से’ की थी। इसके बाद वो ‘कमीने’ फिल्म में भी नजर आए, लेकिन उन्हें उतनी ज्यादा पहचान नहीं मिली। इसके बाद उनके करियर में आश्रम सीरीज टर्निंग प्वाइंट बनकर आई। अब वो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर छा गए हैं।

इस तरह इकट्ठा किए पैसे
निजी जिंदगी की बात करें तो चंदन एक बंगाली परिवार से हैं, लेकिन वो दिल्ली में ही बड़े हुए। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन वो मुंबई आना चाहते थे। इस वजह से उन्होंने बच्चों को पढ़ाना शुरू किया और 7 हजार इकट्ठा किए। इसके बाद वो उन्हीं पैसों को लेकर 2001 में मुंबई आए थे।

खाना तक छोड़ना पड़ा
वैसे अब चंदन अच्छे एक्टर्स में गिने जा रहे हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा था जब वो पाई-पाई के मोहताज थे। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शुरुआती दिनों में उनके पास पैसों की बहुत ज्यादा दिक्कत थी, जिस वजह से उन्होंने खाना छोड़ दिया था। वो करीब 20 साल पहले मुंबई आए थे। उनका मकसद एक्टर बनना ही था, लेकिन गरीब परिवार से होने की वजह से उनके सामने कई चुनौतियां थीं।

इतनी है संपति
इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत की और अपनी जिंदगी बदल डाली। आश्रम के अलावा वो काली सीजन 2, फॉरबिडन लव, रूल्स ऑफ द गेम में नजर आए। popularbio.com की रिपोर्ट के मुताबिक अब चंदन के पास 1-5 मिलियन डॉलर (7-38 करोड़) की संपति है। उनके पास मुंबई में एक आलीशान घर भी है। आश्रम के हिट होने के बाद चंदन ने अपनी फीस भी बढ़ा दी थी।

