भारत के बड़े समाज सुधारकों की बात की जाए तो ‘ज्योतिराव फुले’ का नाम जरूर लिया जाएगा। अब ज्योतिराव फुले की जिंदगी पर फिल्म बनाए जाने की घोषणा की गई है। फिल्म का एक पोस्टर रिलीज किया गया है। जिसमें बताया गया है कि ज्योतिराव फुले की बायोपिक में प्रतीक गांधी और पत्रलेखा के लीड रोल में नजर आएंगे। ‘फुले’ नाम की इस फिल्म के डायरेक्शन की कमान अनंत नारायण महादेवन के हाथ में है।
‘फुले’ साल 2023 में होगी रिलीज
प्रतीक गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया है। उन्होंने कहा है कि ‘एक्टर के तौर पर दुनिया को महात्मा फुले के बारे में बताने पर गर्व महसूस कर रहा हूं। ज्योतिबा फुले की195वीं वर्षगांठ के मौके पर 11 अप्रैल को, कंटेंट इंजीनियर्स और डांसिंग शिवा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी अनंत महादेवन द्वारा निर्देशित हिंदी बायोपिक फुले के फर्स्ट लुक का अनावरण। पोस्टर में आप देख सकते हैं कि प्रतीक गांधी महात्मा फुले और पत्रलेखा सावित्रीबाई फुले के किरदार में नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, महात्मा ज्योतिबा फुले की इस हिंदी बायोपिक को अगले साल 2023 में रिलीज किया जा सकता है।
View this post on Instagram
ज्योतिराव फुले-सावित्रीराव फुले बड़े समाज सुधारक
आपको बता दें, महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छुआछूत और जातीय भेदभाव के खिलाफ लंबे वक्त तक आंदोलन और प्रदर्शन किया है। उन्होंने साल 1873 में ‘सत्य शोधक समाज’ की स्थापना कर महिला, दलित और पिछड़ों के लिए समान अधिकारों की पुरजोर वकालत करते हुए समाज के सभी वर्गों के शिक्षा प्रदान करने समर्थन किया। साथ ही उन्होंने भारतीय समाज में प्रचलित विभाजन और भेदभाव को दूर करने के लिए भी खूब संघर्ष किया।
वहीं, उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले ने साल 1848 में लड़कियों की एजुकेशन के लिए पहला स्कूल खोला था। इन सामाजिक कामों को करने पर दोनों लोगों को समाज का काफी विरोध झेलना पड़ा था।
प्रतीक गांधी और पत्रलेखा की एक साथ पहली फिल्म
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रतीक गांधी हाल में आई वेब सीरीज ‘द ग्रेट इंडियन मर्डर’ में भी नजर आए थे। प्रतीक गांधी को वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ से काफी पहचान मिली है। प्रतीक जल्द ही पुलकित के निर्देशन में बनी फिल्म ‘डेढ बीघा जमीन’ में अभिनेत्री खुशाली कुमार के साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में प्रतीक गांधी किसानों और गरीबों के हक में सिस्टम से लड़ाई लड़ते हुए दिखाई देंगे। इसके अलावा वो अरशद सईद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘वो लड़की है कहां’ में एक्ट्रेस तापसी पन्नू के साथ मुख्य किरदार में नजर आएंगे।
वहीं, पत्रलेखा पिछली बार साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘नानू की जानू’ में नजर आई थीं। ये पहला मौका होगा जब प्रतीक गांधी और पत्रलेखा किसी फिल्म में एक साथ काम करते दिखाई देंगे।