बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर संजय दत्त फिल्म इंडस्ट्री में दशकों से राज कर रहें हैं। समय-समय पर एक्टर ने फिल्मों में अपने प्रदर्शन से दर्शकों के दिलों को छुआ है। उम्मीद की जा रही है कि अभिनेता अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स में भी वही जादू कायम रखेंगे। जहां फैंस संजय दत्त को बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं वायरस ने फिर से सारा खेल खराब कर दिया है। क्योंकि इन दिनों अधिकतर सिनेमाघरों को बंद कर दिया गया है और फिल्म रिलीज पर विराम लग गया है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि संजय दत्त की आने वाली फिल्में ‘पृथ्वीराज’, ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ और ‘शमशेरा’ तीनों रिलीज़ के लिए तैयार हैं।

आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे संजय दत्त ने क्या कहा
अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए संजय दत्त ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि, “2022 की शुरुआत में मेरे लिए तीन रिलीज़ थीं और मैं बेहद एक्साइटेड था। हालांकि, कोविड मामलों के बढ़ने के बाद वर्तमान स्थिति में सब कुछ हवा में ही है और कुछ भी कनफर्म नहीं हैं। जबकि मेरे तीनों प्रोजेक्ट ‘शमशेरा’, ‘केजीएफ 2’ और ‘पृथ्वीराज’ मैग्नम ऑप्स हैं और बड़े पर्दे के अनुभव के लिए बनाए गए हैं। लेकिन इसका आनंद तभी लिया जा सकता है जब देश के लिए स्थिति नियंत्रण में हो। अभी, मैं केवल यही आशा करता हूं कि चीजें हमारे लिए बेहतर हो जाए और इसके लिए लोगों को सावधानी बरतते रहना होगा और मास्क लगाना होगा।”

संजय दत्त फिल्मो में तीन अलग-अलग अवतारों में दिखाई देंगे। जहां वह ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ में अधीरा की एक विरोधी भूमिका निभाते नजर आएंगे और निर्माताओं ने जो पहली झलक शेयर की थी उसको देखकर यह साफ हो गया है कि यह किरदार कितना शक्तिशाली होने वाला है। फिर अक्षय कुमार के साथ उनकी एक और फिल्म ‘पृथ्वीराज’ है और उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक ‘शमशेरा’ है जहां असली संजू बाबा और रील संजू बाबा उर्फ रणबीर कपूर एक साथ नजर आएंगे।

इन फिल्मों की शूटिंग और निर्माण पहले ही हो चुका है। निर्माता इन्हें रिलीज करने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा संजय दत्त ने अपनी आगे की आने वाली फिल्मों के लिए कुछ स्क्रिप्ट भी सुनी हैं। ऐसे में यह लग रहा है कि संजय दत्त जल्द ही कुछ बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने वाले हैं।

