Khatron Ke Khiladi 15 : फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी कलर्स पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के साथ एक बार फिर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। स्टंट पर आधारित इस शो के 15वें सीजन में एक्शन, ड्रामा और खतरे का स्तर पहले से कहीं अधिक होगा।
खास बात यह है कि शो के प्रतियोगियों में स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल और ‘बिग बॉस 19’ के विजेता गौरव खन्ना भी शामिल होंगे।
हाल ही में ‘बिग बॉस 19’ का खिताब जीतने वाले गौरव खन्ना अब ‘खतरों के खिलाड़ी’ की चुनौतीपूर्ण दुनिया में कदम रखने के लिए तैयार हैं। अपने शांत और सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाने वाले गौरव Khatron Ke Khiladi 15 में नए-नए चैलेंजेस का सामना करने के लिए अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलते नजर आएंगे।
हर्ष गुजराल और बिग बॉस 19 विनर गौरव खन्ना एक साथ
इस बीच, हर्ष गुजराल हिंदी टेलीविजन के एक रियलिटी शो में डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अपनी हाजिरजवाबी और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हर्ष अब स्टंट की दुनिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शो के बारे में बात करते हुए गौरव खन्ना ने कहा, “चीजों को नियंत्रण में रखना और परिस्थितियों को संभालना हमेशा से मेरा स्वभाव रहा है। लोग मुझे इसी रूप में जानते हैं, लेकिन ‘खतरों के खिलाड़ी’ एक बिल्कुल अलग चुनौती पेश करता है।”
“यह शो मुझे मेरे कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकालता है। इसमें ज़्यादा सोचने की कोई गुंजाइश नहीं है; बस अपने अंतर्ज्ञान पर भरोसा करना होगा। मैं हर चुनौती का पूरी ईमानदारी से सामना करूँगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूँगा।”
हर्ष गुजराल ने कहा, “लाइव दर्शकों के सामने परफोर्मेंस देते समय मैंने हमेशा अप्रत्याशित क्षणों को हास्य के साथ संभाला है। हास्य मेरी सबसे बड़ी ताकत है, और मुझे उम्मीद है कि यह यहां भी मेरे काम आएगी। यह एक अलग तरह का युद्धक्षेत्र है। जहां डर कहीं अधिक वास्तविक और गहरा है। मैं इस नई, चुनौतीपूर्ण दुनिया के हर पल का आनंद लेने के लिए उत्साहित हूं। अगर मैं इस डर के बीच भी हास्य ढूंढ सकता हूं, तो दर्शकों को शुद्ध मनोरंजन के साथ-साथ हर्ष गुजराल की विशिष्ट शैली का भी अनुभव होगा।”
शगुन शर्मा
क्योंकि सास भी कभी बहू थी की अभिनेत्री शगुन शर्मा रियलिटी शो में अपनी पहली एंट्री करेंगी। उन्होंने इस प्यार को क्या नाम दूं 3, कुछ रंग प्यार के ऐसे भी, ससुराल गेंदा फूल 2, ये है चाहतें सहित कई डेली सोप में अभिनय किया है।

