दक्षिण भारत की कई अभिनेत्रियां इस समय हिन्दी दर्शकों के बीच छाई हुई हैं। इन अभिनेत्रियों में साई पल्लवी का भी नाम आता है जिनको नेचुरल ब्यूटी भी कहा जाता है। साई पल्लवी की सुंदरता के लोग दीवाने हैं। फिल्मों में टॉप पर पहुंच चुकी साई पल्लवी का आज जन्मदिन है। उनके जीवन से जुड़े कई ऐसे किस्से हैं जो बेहद दिलचस्प हैं। क्या आपको पता है कि वो कभी अभिनेत्री बनना ही नहीं चाहती थीं। वो तो बस डॉक्टरी कर लोगों का इलाज करने का सपना देखती थीं। आइए जानें फिर कैसे वो हीरोइन बन गईं।
तमिलनाडु में हुआ था साई पल्लवी का जन्म
साई पल्लवी दक्षिण भारत की फिल्मों की सुपर स्टार कही जाती हैं। उनकी एक्टिंग हो या लुक्स, सबकुछ दर्शकों को खूब पसंद आता है। साई का आज यानि 9 मई को जन्मदिन है। उनका जन्म साल 1992 में तमिलनाडु में हुआ था। यहां के नीलगिरी जिले में कोटागिरी जगह है, यहीं पर वो पैदा हुई थीं।
उनका पूरा नाम साई पल्लवी सेंथमराय है। उनके पिता सेंथमारई कन्नन और मां राधा हैं। उनकी पढ़ाई की बात की जाए तो वो कोयंबटूर शहर में हुई थी। वो पढ़ाई में काफी अच्छी हुआ करती थीं। उनकी मां डांसर थीं। ऐसे में पढ़ाई के साथ अभिनेत्री को नृत्य करने का भी शौक था। वो अक्सर अपनी मां के साथ डांस करती थीं।
ठुकरा दिया था 2 करोड़ का एड
साई पल्लवी के बारे में कहा जाता है कि वो फिल्मों में भी मेकअप नहीं करती हैं। वो जैसी हैं, वैसी ही दिखना चाहती हैं। वो किसी अवॉर्ड फंक्शन में भी बिना मेकअप के ही नजर आती हैं। उन्होंने इसी वजह से फेयरनेस क्रीम का एड करने से भी मना कर दिया था। एड कंपनी उनको 2 करोड़ रुपये दे रही थी। फिर भी उन्होंने एड नहीं किया।
उनका मानना है कि ये सब एड लोगों को भ्रमित करते हैं। वो ऐसा कोई काम नहीं करना चाहती हैं जिनकी वजह से लोग भ्रमित हों। उनके इस फैसले का बहुत सम्मान भी हुआ था। उन्होंने साल 2014 में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। उनकी पहली फिल्म ‘प्रेमम’ थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।
जानें कैसे किस्मत ने बना दिया हीरोइन
आपको जानकर हैरानी होगी कि साई पल्लवी कभी हीरोइन बनना ही नहीं चाहती थीं। साल 2014 में जब वो विदेश में डॉक्टरी पढ़ रही थीं। इसी दौरान फिल्म ‘प्रेमम’ के डायरेक्टर अल्फोंस पुथ्रेन ने उनको ये फिल्म ऑफर की। जिसके बाद एक्ट्रेस ने एक शर्त रखी और कहा कि वो अपने कॉलेज की छुट्टियों के दौरान ही शूटिंग किया करेंगी। डायरेक्टर राजी हो गए। इसके बाद उन्होंने फिल्म की शूटिंग छुट्टियों में की। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के कामयाब होते ही वो हीरोइन बन गईं।
इसके बाद उन्होंने मलयालम फिल्म ‘काली’ में भी अभिनय किया। ये फिल्म भी हिट हुई। बता दे की साई ने अब तक बस 16 मूवीज में ही काम किया है। इसके बाद भी वो टॉप की हीरोइन बन चुकी हैं।